मीडिया-संसार|Shortlink: 2010/02/26 3:35 pm

स्वयंबर की नौटंकी से परहेज करें….

इन दिनों टीवी पर राहुल महाजन के स्वयंबर का मायाजल हर चैनल पर फैला हुआ है. सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना रात को आठ बजे एनडीटीवी इमेजिन इस नौटंकी को दिखाता है, उसके ऊपर हद यह कि सारे न्यूज चैनल भी दूसरे दिन उसे दिखाते रहते हैं. नतीजतन, राहुल महाजन इन दिनों हर चैनल पर है. कभी वह स्टार न्यूज पर दिखता है, तो कभी आजतक पर, तो कभी सहारा समय पर. और यही वजह है कि ज्यादातर भारतीय दर्शकों की तरह मैं भी अब न्यूज चैनलों को देखने से परहेज ही करता हूं. वजह बिल्कुल साफ है, जब पिछले साल इसी चैनल द्वारा किए गए राखी सावंत के स्वयंबर को देखने और झेलने के बाद हुई बदहजमी से दर्शकों को अभी तक निजात नहीं मिल पाई है, तो भला अब राहुल महाजन के शो से होने वाली एसिडिटी को भला कौन झेलेगा. इसी का नतीजा है कि तमाम खोखलें दावों और प्रचार-प्रसार के बावजूद फिसड्डी साबित हो रहा है.
और इस वजह से मैं बेहद खुश हूं. क्योंकि इस तरह के शो को लेकर मैं हमेशा ही आशंकित नजरिया रखता रहा हूं. समझ में ये नहीं आता कि चैनल वाले राहुल और राखी का स्वयंबर टीवी पर रचकर भारतीय दर्शकों को क्या मनोरंजन देना चाहते हैं. क्या सिर्फ इसलिए कि राखी सावंत और राहुल महाजन अपनी करनी से चैनल वालों की टीआरपी बनाए रखते हैं, हम भी उन्हें अपने ड्राइंगरूम में झेले? क्या सिर्फ इसलिए कि राहुल महाजन एक पूर्व चर्चित भाजपाई नेता की बिगड़ी औलाद है और राखी सावंत जैसी फिल्मी विषकन्या है, तो हम भी उन्हें अपने टीवी पर सहन करें? शो की गिरती टीआरपी के जरिए मुझ जैसे लाखों-करोंड़ों भारतीय दर्शकों ने इस सवाल का बिल्कुल माकूल जवाब दिया है कि नहीं,, हमें बिगड़ेल रईसजादों और फिल्मी विषकन्याओं का स्वयंबर देखने में कोई दिलचस्पी नहीं है.
फिर भी, शो शुरू हुआ है, तो बीच में तो बंद किया नहीं जा सकता. सो, घिसे-पिटे अंदाज में इसके प्रत्येक एपिसोड को आगे बढ़ाया जा रहा है. अब इसे खींचना है, तो कई तरह के फंडे अपनाने होंगे. सो, अपनाएं भी जा रहे हैं. कभी राहुल की डिमांड पर उनसे विवाह रचाने के लिए आई कन्याएं पॉप संगीत पर थिरकती नजर आती है, तो कभी बिग बौस के राहुल महाजन के दोस्त शो में आकर विवाह के लिए उचित कन्या ढूंढने में उसकी मदद कर जाते हैं. वैसे राहुल को कैसी कन्या चाहिए, यह अभी भी साफ नहीं हो पाया है. वैसे इस बात की संभावना बहुत है कि उनकी पसंद कोई अजीबोगरीब ही होगी. वजह, उनका वह अतीत, जो टीवी चैनलों की मेहरबानी से भारतीय दर्शकों को अभी भी याद है. असल में, इन राहुल महाजन का विवाह तो उनके पिता प्रमोद महाजन अपने जीते-जी ही कर गए थे. लेकिन दिक्कत यह थी कि वह कन्या बेहद सुशील और संस्कारी थी,, इसलिए राहुल बाबा को पसंद नहीं आई. नतीजतन, पिता के परलोक सिधारते ही राहुल ने उस संस्कारी और सुशील बीवी से किनारा कर लिया. इसके बाद जनाब बिग बास में पायल रोहतगी नामक एक अन्य फिल्मी विषकन्या के साथ प्यार की पींगे बढ़ाते नजर आए थे. और अब वहीं राहुल अपने स्वयंबर के शो में देशभर से आई कन्याओं को कभी ठूमकें लगाने को कहते हैं, तो कभी उनके साथ डीडीएलजे वाले राहुल के अंदाज में रोमांस फरमाते नजर आते हैं. वैसे यहां इस शो के पहले संस्करण का जिक्र करना भी जरूरी हो जाता है, जिससे कि इसकी विश्वसनीयता का अंदाजा लगाया जा सके. पिछले साल इस शों के जरिए राखी सावंत ने अपने लिए दूल्हे की तलाश की थी. बेचारे दर्शक भी इस उम्मीद से राखी के शो को झेलते रहे कि वे किसी को तो पसंद कर लेगी और वे आगे से फिल्मों में राखी को देखने के सिरदर्द से बच जाएंगे. लेकिन राखी ने शो के आखिर में कनाडा के जिस युवक को चूना उससे शादी नहीं कि, बस सगाई की. उस सगाई के भी अब अते-पते नहीं है.
तो फिर भला ऐसे में राहुल से क्या उम्मीद की जा सकती है, जो पहले ही तलाकशुदा है. जो पहले ही अपने संस्कारी बीवी को छोड़ चुका है, जिसे उसके स्वर्गवासी पिता ने पसंद किया था. ऐसे में आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि राहुल का स्वयंबर भी नौटंकीबाजी ही निकलें. एक छलावा निकले, जो चैनल वाले अपनी कमाई के लिए दर्शकों से कर रहे हैं. तो आपसे विनती है कि इस छलावे के खेल में साझीदार मत बनिए. जैसे ही राहुल महाजन किसी चैनल पर दिखाई दे, उसे तुरंत बदल दीजिए…भारतीय संस्कृति और आपके परिवार की संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी है.

Leave a Reply