अश्लीलता का मायाजाल

प्रख्यात पत्रकार प्रभाष जोषी ने आहत हो कर इलैक्ट्रोनिक मीडिया के सनसनी और अश्लीलता फैलाने के सवाल पर कहा था कि अगर तुम राखी का स्वयंवर दिखाओगे तो तुम्हें सुहागरात और प्रसव भी दिखाना पड़ेगा…। हुआ भी वही। रियलिटी शो वालो ने ‘पत्नी पति और वह’, ‘राहुल दुलहनियां ले जायेगा.’….को दिखा ही दिया। राहुल की शादी को लोगों ने टी.वी. पर देखा। प्रभाष जोषी की पीड़ा को विराम नहीं लग पाया है। टेलिविजन पर अश्लील कार्यक्रमों का दौर ठहरने का नाम ही नहीं ले रहा है। रियलिटी शो के नाम पर कार्यक्रम के अंदर अश्लीलता का मायाजाल कुलांचे मार रहा है। राखी का स्वयंवर, कोई मुझे जंगल से बचाओ, राहुल दुलहनियां ले जायेगा…..जैसे कई टेलिविजन कार्यक्रम एफ टी.वी. को पीछे छोड़ने की होड़ में लगे हैं।
इस होड़ पर अंकुश लगाने के मद्देनजर, अश्लीलता परोसने वाले कार्यक्रम दिखाने और सनसनी फैलाने वाली खबरें प्रसारित करने वाले करीब 44 चैनलों को पिछले तीन साल के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नोटिस जारी किये। प्रतिबंध और नोटिस के बावजूद टेलिविजन पर अश्लील कार्यक्रमों का दौर ठहरने का नाम नहीं ले रहा है। इन कार्यक्रमों के प्रसारण को लेकर सवाल उठते रहते हैं। ’राखी का स्वयंवर’ रियलिटी शो के प्रसारण पर भी सवाल उठे थे।
बात अश्लीलता की है। चैनल इसे फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसे लेकर समय समय पर सरकार नोटिस जारी करती रहती है। सरकारी नोटिस का असर हो ऐसा तो नहीं दिखता, बल्कि रियलिटी शो का तेवर जारी रहता है। घर-परिवार के बीच देखा जाने वाला टेलिविजन इस सवाल के घेरे में पहले ही आ चुका है कि अब यह परिवार के बीच बैठ कर देखने वाला नहीं रहा। रियलिटी शो के नाम पर टू पीस में ‘कोई मुझे जंगल से बचाओ’ में सेलिब्रिटी को खुले में और बिग बॉस में एक अभिनेत्री द्वारा स्वीमिंग पुल में टू पीस में नहाना, यही नहीं ’राखी का स्वयंवर और राहुल दुलहनियां ले जायेगा सहित कई अन्य रियलिटी शो में कई ऐसे दृष्य दिखाये गये जो अश्लीलता के दायरे में आते हैं। सरकारी कार्यवाही जिन पर हुई उन में सबसे ज्यादा रियलिटी शो ही आये। मसलन, ‘सरकार की दुनिया’ राज पिछले जन्म का, ‘इस जंगल से मुझे बचाओ’, ‘स्प्लिटविला-3’, ‘दादागिरी’, ‘इमोशनल अत्याचार’ आदि प्रमुख हैं। एमटीवी, एनडीटीवी इमेजिन, बिन्दास, कलर्स, सोनी, चैनल-वी, स्टार प्लस चैनलों को नोटिस जारी किये गये। वहीं कुछ क्षेत्रीय भाषाओं के चैनलों को भी नोटिस जारी किये गये।
 ऐसा नहीं कि केवल रियलिटी शो दिखाने वाले चैनल ही  अश्लीलता और सनसनी के आरोप में आये बल्कि डिस्कवरी और नेशनल ज्योग्राफिक जैसे चैनलों पर भी अश्लील विज्ञापन और भारत का गलत नक्शा दिखाने का आरोप लग चुका है। हाल ही में  लोकसभा में एक तारांकित सवाल के जवाब में सूचना व प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा कि इंडिया टीवी, स्टार न्यूज, जी न्यूज, आज तक, इंडिया न्यूज, न्यूज-24, आईबीएन-7, सहारा समय, हेडलाइंस टुडे, एनडीटीवी 24-7, सीएनएन-आईबीएन, टाइम्स नाउ, ईटीवी जैसे समाचार चैनलों को सनसनी वाले, अश्लील या निराधार समाचार देने के आरोप में मंत्रालय ने नोटिस भेजे।
 सरकारी अंकुश के बावजूद समाज के प्रहरी, टी.आर.पी. के खेल में जुटे है। मामला केवल रियलिटी शो तक ही नहीं है। समाचारों पर भी अश्लीलता और सनसनी का आरोप लग चुका है जो एक गंभीर मामला बनता दिखता है। रियलिटी शो वाले कार्यक्रम को लोकप्रिय बनाने के लिए अश्लीलता परोसने की बात थोड़ी देर के लिए समझ में आ भी जाती है, लेकिन समाचार के कार्यक्रमों में इसे पिरोना अटपटा सा लगता है। जहां ऐसे कार्यक्रम पर अंकुश को लेकर सरकारी प्रयास हो रहे हैं वहीं मीडिया को सामने आना होगा और अपने दायित्व के प्रति सचेत होना होगा। ताकि जनता का विश्वास कायम रहे। हालांकि चारों तरफ हो रही आलोचना को देखते हुए कुछ समय पहले ही खबरिया चैनलों के संपादकों ने ब्राडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन (बी ई ए) नामक संगठन बनाया था, जो  अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ प्रसारित सामग्रियों की गुणवत्ता को भी सुनिश्चित करने के लिये काम करने वाला था। टीआरपी की होड में प्रसारित किये जाने वाले कार्यक्रमों एवं समाचारों के स्तर को यह कितना सुधार पाया है यह तो नजर आ रहा है !
 ’जनता देखना चाहती है और हम दिखाते हैं….’ जैसे फिल्मी बयान से भी मीडिया को परहेज करना होगा।

2 Comments

  • Darasal ye ptrkaron ka dosh nahi ye to un ptrkaron ko do wakt ki roti dene wale arabpatiyon ya yo kahen ki bharat ke ek riksaw chalak se bhi jyada garib log jinhone apne paise ki bhookh ko poora karne ke liye chennal khola aur news ke nam par logon ko aslilta aur criket ka wigyapan dikhakar paisa banane aur patrkaron ko bhi badnam karne ka kam shuru kar diya hai.Achchhe ptrkaron ko aise chennel me kam karne se achchha kisi social work ke jariye apna aur apne bachchon ka pet bharna chahiye.Agar koi patrkar aise chennel ko chhorkar real social work karna chahta hai to hamen fhon karen-09810752301

  • nice blog …. good work keep it on ./

Leave a Reply